मथुरा। एमपी की राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना इलाके से एक युवती को अगवा करके उसके साथ मथुरा में दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने मथुरा के एक पंडा सहित तीन लोगों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, छेड़छाड़, मारपीट करने का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
निशातपुरा क्षेत्र में रहने वाली 23 वर्षीय युवती घरेलू कामकाज करती है। युवती ने पुलिस को दिए शिकायतीपत्र में कहा है कि अक्तूबर 2021 में वह परिवार के साथ गिरिराजजी की परिक्रमा करने मथुरा गई थी। वहां घूमने के वक्त उसका परिचय मनोज पंडा और उसके साथी सुमित दांगी से हो गया था। तब मनोज और सुमित ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया था। इसके बाद उसकी मनोज और सुमित से फोन पर बात होने लगी थी।
युवती का आरोप है कि विगत जनवरी में उसके पास सुमित का फोन आया तो उसने कहा कि मनोज पंडा तुमसे मिलना चाहता है और वह भोपाल रेलवे स्टेशन पर है। युवती के अनुसार कुछ देर बाद सुमित बाइक लेकर उसके मोहल्ले में पहुंचा और युवती को फोन पर बुलाकर उसे बाइक से स्टेशन ले गया। युवती का आरोप है कि यहां से दोनों आरोपी उसे फुसलाकर उसे दिल्ली ले गए।
मनोज उसे फरीदाबाद में चचेरे भाई के घर भी ले गया। यहां 10 दिन तक रखने के वक्त मनोज ने उसके साथ ज्यादती की। चचेरे भाई ने भी उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। आरोप है कि मनोज उसे मथुरा में अलग कमरे में डरा-धमकाकर रखता था।
युवती ने शिकायत में बताया कि उसे पता चला कि मनोज शादीशुदा है। उसके दो बच्चे भी हैं। वर्तमान में वह ढाई माह की गर्भवती भी है। एसपी देहात श्रीशचंद का कहना है कि इस मामले में एमपी पुलिस की पूरी मदद की जाएगी।