मथुरा। मांट विधानसभा क्षेत्र के सभी बीडीसी सदस्य व ग्राम प्रधान २० अक्तूबर को सम्मानित किए जाएंगे। इसके लिए समाजसेवी व भाजपा नेता एसके शर्मा द्वारा एसकेएस ग्राउंड फ्लोर नियर बिरला मंदिर में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्य के साथ-साथ गांव का अच्छा माहौल बनाने में बीडीसी व ग्राम प्रधान की बड़ी जिम्मेदारी होती है।
उन्होंने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में १४८ ग्राम प्रधान हैं और २३१ बीडीसी सदस्य। सभी को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्र की समस्याओं पर भी मंथन किया जाएगा। किस गांव में क्या सुविधाएं नहीं हैं, उन पर विचार-विमर्श होगा और प्रदेश सरकार से उन कार्यों को पूरा कराने की गुजारिश की जाएगी। अतिथि के तौर पर सांसद हेमा मालिनी को बुलाया गया है। गांव के विकास कार्य में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में डेंगू व बुखार का भी प्रकोप चल रहा है, ग्रामीणों से बात करके कहां पर स्वास्थ्य कैंप की जरूरत है, वहां पर कैंप लगाया जाएगा।
बिजौली में हुआ स्वागत
मांट विधानसभा के गांव बिजौली में आयोजित कार्यक्रम मेंराष्ट्रीय परिषद सदस्य एसके शर्मा ने जन संवाद कर केेंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में कमल खिलाकर भाजपा को जिताना है। अभिषेक गौतम, कन्हैया निषाद, उमेश कनौरिया, रामबाबू सिंह, रामप्रकाश शर्मा, राहुल शर्मा व भोला आदि मौजूद रहे।