मथुरा। वार्ड-28 औरंगाबाद की वाटिका कॉलोनी में जलभराव की समस्या समाधान के लिए नगर निगम ने योजना बनाई है। 1.4 करोड़ रुपये की लागत से जलनिकासी की व्यवस्था होगी। कॉलोनी में नाले-नालियों का आरसीसी निर्माण किया जाएगा। प्रस्तावित योजना पर शासन से मंजूरी मिल गई है।
बारिश के दिनों में कॉलोनी की गलियों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। खासकर स्कूली छात्रों और बुजुर्गों को काफी दिक्कत होती है। स्थानीय नागरिक कई बार इस संबंध में शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। इसके बाद वाटिका कॉलोनी में नाले-नालियों को संवारने की योजना बनाई गई है। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि क्षेत्रीय अवस्थापना निधि से यह कार्य कराया जाएगा। प्रस्तावित योजना पर शासन से मंजूरी मिल गई है। टेंडर पक्रिया के बाद जल्दी कार्य शुरू कराया जाएगा। जलनिकासी बेहतर होने से गंदे पानी के जमाव से होने वाली संक्रमण बीमारियों का खतरा भी कम होगा। बारिश में आवागमन में भी परेशानी नहीं होगी।