मथुरा। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन केआर डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में 30 अप्रैल को राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल आयोजित करेगा। यह ट्रायल शाम 4 बजे से शुरू होगा। इसमें जनपद के प्रतिभाशाली एथलीट अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने बताया कि ट्रायल सीनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 7 व 8 मई 2026 को प्रयागराज स्थित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित होने वाली 29वीं यूपी स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मथुरा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ी का जन्म 22 मई 2008 के बाद का नहीं होना चाहिए। उसे 22 मई 2008 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेनी चाहिए। चयन ट्रायल के दौरान विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड इवेंट्स का आयोजन किया जाएगा। इसमें 100, 200, 400, 800, 1500, 5000 एवं 10000 मीटर दौड़ शामिल हैं। इसके अलावा 110 मीटर एवं 400 मीटर बाधा दौड़, 3000 मीटर स्टीपलचेंज और 10000 मीटर रेस वॉक का भी आयोजन होगा। फील्ड इवेंट्स में लांग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप, पोल वॉल्ट, जैवलिन थ्रो, हैमर थ्रो, डिस्कस थ्रो एवं शॉट पुट शामिल हैं। पुरुष वर्ग के लिए डेकाथलन और महिला वर्ग के लिए हेप्टाथलॉन स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ी अपने साथ आधार कार्ड की छाया प्रति लेकर आएं।