श्रीबांकेबिहारी जी के नाम रजिस्ट्री कराते एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा।
वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं के लिए बेहतर जनसुविधाएं विकसित करने की दिशा में कारवां बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को एक और भूमि की रजिस्ट्री हुई। अब तक एक दर्जन लोगों ने ठाकुर श्री बांकेबिहारी के नाम पर अपनी संपत्ति की है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा की उपस्थिति में यह रजिस्ट्री तहसीलदार सदर के माध्यम से संपन्न कराई गई। इस दौरान विक्रेताओं रमेश गौरीशंकर पाठक, मुकुंद पाठक, गिरिश पाठक और मथुरेश गौरीशंकर पाठक पुत्रगण स्वर्गीय गौरीशंकर पाठक की 29.91 वर्ग मीटर भूमि की रजिस्ट्री ठाकुर श्री बांकेबिहारी (देवता) के नाम की गई। यह पूरी प्रक्रिया उच्चतम न्यायालय के आदेशों के क्रम में गठित ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के निर्देशों के तहत कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा जनसुविधा विकास क्षेत्र में आने वाले निवासियों को पर्याप्त मुआवजा दिया जा रहा है। इसके साथ ही दुकानदारों को दुकान के बदले दुकान तथा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुक्मिणी विहार में फ्लैट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि इन सुविधाओं को देखते हुए भूमि स्वामी स्वेच्छा से अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री कराने के लिए आगे आ रहे हैं। मंदिर क्षेत्र में भूमि क्रय की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और विधिक नियमों के अनुसार की जा रही है। मंदिर के आसपास विकसित की जा रही जनसुविधाओं में श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षित वातावरण तथा सुगम प्रवेश-निकासी द्वार बनाए जाएंगे, जिससे संकरी गलियों में होने वाली भीड़ का दबाव कम होगा और दर्शन अधिक सुगम बनेंगे। प्रशासन के अनुसार इस परियोजना से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही वृंदावन की प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।