मथुरा। तीसरी रेलवे लाइन के लिए बाद रेलवे स्टेशन पर शुरू किए जा रहे आरसीसी बॉक्स पुसिंग से पहले शनिवार को पायलिंग का काम प्रारंभ कर दिया गया। इससे पूर्व एनएच-१९ को वनवे कर दिया गया। जिसके चलते कुछ समय के लिए यहां पर जाम लग गया। बाद में पुलिस के द्वारा वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित किया गया।
पलवल से झांसी तक तीसरी रेलवे लाइन डालने का काम किया जा रहा है। पलवल से मथुरा तक यह काम रेलवे के निर्माण खंड द्वारा किया गया। जबकि मथुरा से यह काम रेलवे विकास निगम लिमिटेड, आगरा द्वारा किया जा रहा है। शनिवार को निगम के कर्मचारियों द्वारा बाद रेलवे स्टेशन पर आरसीसी के बॉक्स पुसिंग का काम प्रारंभ कर दिया गया।
उनके द्वारा बॉक्स पुसिंग के काम से पहले पायलिंग का काम प्रारंभ किया गया। पायलिंग के लिए यहां पर ड्रिल मशीन लगाई गई। ड्रिल मशीन के माध्यम से पायलिंग का काम तेजगति से किया गया। इस दौरान डीजीएम आरबीएनएल सिविल पीके शर्मा मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि काम को तेज गति से किया जाएगा।
क्या है आरसीसी बॉक्स पुसिंग
बड़े-बड़े आरसीसी बॉक्स के माध्यम से रेलवे लाइन के समानांतर स्थान तैयार किया जाता है। इस काम मेें बॉक्स से मिट्टी निकालने के लिए एक व्यक्ति लगा होता है। जैसे-जैसे बॉक्स आगे बढ़ता जाता रेल लाइन बिछने का काम भी आगे बढ़ता है।
हाईवे हुआ वनवे
आरसीसी बॉक्स पुसिंग का काम जैसे ही प्रारंभ हुआ दोनों तरफ से आने वाले वाहनों की कतार लग गई। बमुश्किल जाम को खुलवाया गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक प्रशासन से इस संबंध में पहले ही बात कर ली गई थी।