मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र में प्रसव के दौरान महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने इलाज में लापरवाही बरतने से मौत होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जमुनापार के सिरोहा निवासी गुड्डू ने अपनी बेटी ज्योति की शादी अप्रैल 2025 में पानीगांव निवासी अवधेश के साथ की थी। अवधेश उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं और वर्तमान में गाजियाबाद में तैनात हैं। दो दिन पहले प्रसव पीड़ा होने पर ज्योति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार ऑपरेशन से हुए प्रसव के दौरान ज्योति ने एक बालिका को जन्म दिया। इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि अगर ससुराल वालों ने बेहतर अस्पताल में इलाज कराया होता तो ज्योति की जान बच जाती है। सीओ प्रीतम पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।