मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के पालीखेड़ा में मंगलवार शाम को एक महिला मजदूर ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी की तो पता चला कि महिला मध्यप्रदेश के छतरपुर की रहने वाली है। पुलिस ने महिला के भाई को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह मथुरा पहुंचे और शव को साथ ले गए।
छतरपुर के गांव हिनौता निवासी सीताराम ने बताया कि उसकी बहन फूलवती (35) बीते कई महीनों से पालीखेड़ा में रहकर मजदूरी का काम करती थी। मंगलवार को पुलिस ने फोन कर सूचना दी कि फूलवती ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। इसके बाद वह बुधवार को मथुरा पहुंचे।
उन्होंने बताया कि साथ रहने वाले मजदूरों के अनुसार मंगलवार को सुबह वह काम पर गई थी। दो घंटे बाद ही करीब 11 बजे तबीयत ठीक न होने की बात कहकर वापस लाैट आई। इसके बाद वह कमरे में चली गई। शाम को पड़ोसी ने कमरे में फंदे पर उसका शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। सीताराम ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि बहन ने खुदकुशी क्यों की। पोस्टमार्टम के बाद वे शव को लेकर अपने गांव चले गए।