मथुरा। बैंककर्मियों की लंबे समय से चल आ रही मांगों को लेकर यूपी बैंक एंपलाइज यूनियन के बैनर तले मथुरा के कर्मी हड़ताल पर रहे। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर केंद्र सरकार के प्रति विरोध जताया और रैली निकाल कर नारेबाजी की।
यूपी बैंक एंपलाइज यूनियन, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के लोग सुबह विकास बाजार स्थित गांधी प्रतिमा के निकट इकट्ठे हुए और केंद्रीय वित्त मंत्री के प्रति गुस्सा जाहिर किया। बैंककर्मियों ने वहां धरना दिया और बैंक प्रबंधन आईबीए, वित्त मंत्रालय के अड़ियल रवैए का आरोप लगाते हुए जिला संयोजक बामन जी चतुर्वेदी ने कहा कि बैंककर्मियों, केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय के बीच दो साल से लगातार वार्ता चल रही है, लेकिन बैंककर्मियों की नहीं सुनी जा रही। इसमें पूर्व में हुआ दो पक्षीय समझौता अटका पड़ा है।
इसके बाद कर्मी नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में होली गेट आए और वित्त मंत्री का पुतला जलाया। इस दौरान प्रांतीय महामंत्री कृष्णहरि पांडेय, जिलाध्यक्ष केके पांडेय, उपाध्यक्ष गोपाल खन्ना, आलोक शर्मा, कोषाध्यक्ष आनंद गर्ग, उपेंद्र नाथ चतुर्वेदी, स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन के सहायक महामंत्री विश्वनाथ गुप्ता, प्रवीन झिगरन, एनसीबीई के गजेंद्र सिंह सहित सैकड़ाें बैंककर्मियों ने इसमें भाग लिया। बैंककर्मियों की हड़ताल के चलते धान बेचने आए जनपद के हजारों किसानों, व्यापारियों, स्कूल फीस जमा करने वाले लोगों आदि को खासी परेशानी हुई। हड़ताल के चलते 500 करोड़ से अधिक का टर्न ओवर रुका रहा।