मथुरा। दिल्ली से आगरा के बीच नवंबर माह में चलने वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन गुरुवार को जब मथुरा जंक्शन से गुजरी तो केवल चार सेकं ड में ही स्टेशन पर गुबार उड़ता नजर आया । 160 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली ट्रेन ने मथुरा स्टेशन से मात्र चार सेकेंड में गुजर गई।
सेमी हाईस्पीड ट्रेन का पहला ट्रायल तीन जुलाई को किया जा चुका है। ट्रैक और ट्रेन की तकनीकी जांच के लिए अभी कुछ और ट्रायल किए जाने हैं। इसी क्रम गुरुवार को दूसरा ट्रायल किया गया। जिसमें दिल्ली से आगरा के बीच ट्रेन को 160 किमी प्रतिघंटा की अधिकतम रफ्तार से दौड़ाया गया। ट्रायल के बाद ट्रैक की मजबूती परखी जाएगी। साथ ही ट्रेन में आने वाली समस्याओं को भी देखा जाएगा। यह ट्रेन जंक्शन रेलवे स्टेशन पर दोपहर 12 बजकर 29 मिनट 58 सेकंड पर आई और मात्र चार सेकंड बाद 12 बजकर 30 मिनट और 02 सेकंड पर स्टेशन से गुजर गई। हाईस्पीड ट्रेन का रोमांच महसूस करने के लिए इस दौरान रेलवे स्टेशन पर काफी भीड़ रही। लोगाें को संभालने और ट्रैक से दूर रखने के लिए आरपीएफ खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान एरिया मैनेजर एनपी सिंह और स्टेशन अधीक्षक पीएल मीणा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पूरे सेक्शन में तैनात रहा आरपीएफ स्टाफ-
ट्रेन के गुजरने के दौरान पूरे मथुरा सेक्शन में लोगों को ट्रैक पार करने से रोकने के लिए लगभग 35 सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया ताकि कोई दुर्घटना न हो सके।
भोपाल शताब्दी है अब तक की सबसे तेज ट्रेन-
अभी तक देश में सबसे तेजी से चलने वाली ट्रेन भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस है जो लगभग 150 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलती है।