प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 मई को फरह (दीनदयाल धाम) आगमन के दौरान उनकी सेहत का ख्याल रखने के लिए चिकित्सकों की कुल दस टीमें बनाई गई हैं। इसमें पचास से अधिक चिकित्सक और इतना ही पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा। सरकारी अस्पतालों में 10-10 बैड आरक्षित किए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के नोडल अफसर डा. ब्रजेश खन्ना ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर कुल दस एंबुलेंस तैयार की गई हैं। कंट्रोल रूम प्रभारी डा. मुकेश लवानियां ने बताया कि हेलीपैड, फ्लीट, सभा स्थल, सेफ हाउस पर एक-एक एंबुलेंस रहेगी। इसमें फिजीशियन, ऑर्थो फिजीशियन, एनेस्थीसिया, सर्जन, पैथोलॉजिस्ट सहित पैरामेडिकल स्टाफ रहेगा। इसके अलावा सभा स्थल, स्वर्णजयंती हास्पिटल और फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी एंबुलेंस सहित चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी।
उन्होंने बताया कि एसएन मेडिकल कालेज आगरा, जिला अस्पताल आगरा, जिला अस्पताल फीरोजाबाद से भी चिकित्सकों की टीम बुलाई गई हैं। हेलीपैड, सभा स्थल, फ्लीट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वर्ण जयंती अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए नोडल अफसर लगाए गए हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वर्ण जयंती, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरह, महर्षि दयानंद अस्पताल, महिला अस्पताल, सौ शय्या अस्पताल पर दस-दस बेड आरक्षित किए गए हैं।