गाजियाबाद के लोनी इलाके में पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव एक शख्स ने दो बच्चियों के साथ रेप की कोशिश कर डाली। टीवी पर कार्टून दिखाने के बहाने वहशी ने बच्चियों को कमरे में बुलाया था।
उनकी चीख सुनकर पहुंचे लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर डाली। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी नशे में था।
वारदात रविवार रात को लोनी की अंकुर विहार डीएलएफ कालोनी में हुई। पांचवीं और छठी कक्षा में पढ़ने वाली ये दोनों बच्चियां वारदात के बाद से सहमी हुई हैं।
लोनी के थाना प्रभारी वीरेंद्र यादव के मुताबिक, आरोपी नरेंद्र कुमार साहिबाबाद की एक दवा कंपनी में एमआर है। उसकी गर्भवती पत्नी इन दिनों मायके में है। रविवार रात वह शराब के नशे में था।
पड़ोस में ही रहने वाला एक व्यक्ति बाइक पर कहीं जा रहा था। उसने अपनी दस वर्षीय बेटी से हेलमेट मंगाया तो उसके साथ उसकी 11 साल की चचेरी बहन भी हेलमेट देने बाहर आ गई।
हेलमेट लेकर व्यक्ति तो चला गया मगर पड़ोसी नरेंद्र ने दोनों बच्चियों को टीवी पर कार्टून दिखाने के बहाने अपने कमरे में बुला लिया।
इसके कुछ समय बाद बच्चियों की चीख सुनकर लोग वहां जमा हो गए और नरेंद्र की करतूत देख भड़क गए। जमकर धुनाई के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने रेप का केस दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर आरोपी खुद को बेकसूर बताते हुए इसे पड़ोसियों की रंजिश बता रहा है।