मैनपुरी। तहसील चौराहे के पास रविवार शाम को महिला ने हंगामा कर दिया, जिसके चलते वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। दुकान के सामने से स्कूटी हटाने की बात से गुस्साई महिला ने ईंट से दुकान का शीशा तोड़ दिया। किसी ने इसका वीडियो बना लिया।
कोतवाली क्षेत्र में पुरानी तहसील चौराहे के पास निवास कर रहे बेचे लाल जय मां दुर्गा स्वीट्स के नाम से प्रतिष्ठान का संचालन कर रहे हैं। रविवार शाम को एक महिला दुकान के सामने ही स्कूटी खड़ी कर चली गई। इससे दुकान पर आने वाले ग्राहकों को परेशानी हो रही थी। बेचे लाल ने बताया कि वह महिला को बुला कर लाए और स्कूटी हटाने के लिए कहा, इसी बात पर महिला उग्र होकर गाली-गलौज करने लगी। पास ही पड़ी ईंट से दुकान के काउंटर का शीशा तोड़ दिया। वहां खड़े एक युवक ने महिला की इस हरकत का वीडियो बना लिया। दुकानदार ने कोतवाली में तहरीर देकर नुकसान की भरपाई और शीशा तोड़ने वाली महिला के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।