बेवर। थाना भोगांव क्षेत्र के गांव दलपतिपुर निवासी आशीष उर्फ सीटू की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी स्पष्ट नहीं हो सकी। चिकित्सक ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा है, युवक व चचेरे भाई पर एक अनुसूचित जाति की युवती को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें समझौते के लिए 15 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। पुलिस अभी मामले में तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।
भोगांव क्षेत्र के गांव दलपतिपुर निवासी आशीष(35) उर्फ सीटू शनिवार को बेवर क्षेत्र के गांव मंटेना स्थित ननिहाल में आया था। वह मानसिक रूप से परेशान था। शनिवार को आशीष ने कोई जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मृतक के चचेरे भाई अनूप ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने आशीष को मामले में पंचायत के लिए बुलाया था, वहां 15 लाख रुपये की मांग की गई। पंचायत विफल हो गई।
शनिवार को बेवर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, मगर उसमें मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। चिकित्सक ने विसरा सुरक्षित करने के बाद जांच के लिए भेजा है, लैब की रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता लग सकेगा। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह का कहना है कि एक व्यक्ति के यहां पंचायत की बात सामने आई है, मगर, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।