उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बारिश के बाद अचानक सांस के मरीजों की दिक्कतें बढ़ चली हैं। जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की संख्या बढ़ गई। अस्पताल की ओपीडी में 655 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। सांस की दिक्कत से पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई। इनमें एक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था। वहीं दूसरे ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
बारिश के बाद अचानक सांस के मरीजों की दिक्कतें बढ़ चली हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में सांस की बीमारी से संबंधित करीब 40 मरीज पहुंचे। थाना भोगांव क्षेत्र के कबीरगंज निवासी विमला देवी (60) पत्नी एसके यादव को सांस लेने में दिक्कत के चलते रविवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यहां उपचार के दौरान रविवार की रात उनकी मौत हो गई। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव किन्हावर निवासी प्रेमा देवी (60) पत्नी रामचंद्र को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे।
हालत बिगड़ने पर सोमवार को परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि विमला देवी को अंतिम सांसों में ही अस्पताल लाया गया था जबकि प्रेमा देवी की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।