पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को बेवर और किशनी ब्लाक में मतदान होगा। इसके लिए सोमवार को मतदान केंद्रों के लिए दोनों ब्लाकों में पोलिंग पार्टियां और सुरक्षा बल रवाना किए गए। इस दौरान डीएम और एसपी दोनों दिन भर तैयारियों का जायजा लेते रहे। दूसरे चरण में 208 मतदान केंद्रों पर 291276 मतदाता 1338 प्रत्याशियों का फैसला करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बेवर और किशनी ब्लाक में मंगलवार को चुनाव होना है। इसके लिए बेवर में आदर्श जनता इंटर कालेज में और किशनी में श्री रामसिंह महाविद्यालय में केंद्र बनाया गया था। सोमवार को उक्त केंद्रों पर सुबह से ही मतदान कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों का पहुंचना शुरू हो गया। बड़ी संख्या में रिजर्व कार्मिक भी बुला लिए गए। दोनों ब्लाक से जिला पंचायत के कुल आठ वार्डों से कुल 185 उम्मीदवार मैदान में हैं। सर्वाधिक 43 उम्मीदवार किशनी के वार्ड संख्या छह से हैं। इसके बाद नंबर बेवर के वार्ड नंबर एक का है। यहां से कुल 31 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं दोनों ब्लाकों में क्षेत्र पंचायत के लिए 1338 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
पोलिंग पार्टियों में शामिल कर्मचारी सुबह से लेकर शाम तक भूखे प्यासे उक्त केंद्रों पर ही बैठे रहे। डीएम चंद्रपाल सिंह का कहना है कि किसी भी कर्मचारी ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पंचायत के वार्ड- 8, उम्मीदवार 185
क्षेत्र पंचायत के वार्ड- 203 , उम्मीदवार 1153
मतदान केंद्र- 228
अतिसंवेदनशील प्लस 23
अतिसंवेदनशील 123
संवेदनशील 60
मतदाता- 291276
जिला पंचायत वार्ड
बेवर
वार्ड एक 31
वार्ड दो 20
वार्ड तीन 23
वार्ड चार 13
किशनी
वार्ड पांच 23
वार्ड छह 43
वार्ड सात में 23
वार्ड आठ 19