मैनपुरी। श्री देवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी में विराट पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मलेन में राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना राठौर ने कहा कि यहां सारे कार्य और ठेके विधायक करते है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को एक ढेला नहीं मिलता। वहीं लोक निर्माण मंत्री शिवपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार काम करती है और केंद्र सरकार सिर्फ वादों तक सीमित रहती है। प्रदेश सरकार किसानों की हितैषी है और फसलों के नुकसान पर 500 करोड़ का बजट एलाट कर दिया गया है। जो किसानों को वितरित किया जा रहा है।
मंत्री शिवपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गोमती की सफाई और नदी को गहरा कराने का काम शुरू कर दिया। अब यमुना नदी में आगरा-मथुरा के लिए 80 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। संतों की मांग को ध्यान में रखते हुए मई 2015 में आगरा और मथुरा के 180-080 क्यूसेक पानी और छोड़ा जायेगा। जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए है कि किसानों की फसलों के मुआवजे देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए। इस तरफ की कोई शिकायत मिलती है तो लेखपाल, तहसीलदार से लेकर एसडीएम पर भी कार्रवाई होगी। मैनपुरी सांसद तेज प्रताप यादव ने कहा कि किसी भी पार्टी और सरकार की सफलता या विकास में पंचायतों व पंचायत प्रतिनिधियां का अहम योगदान होता है। किसानों की फसल बर्बादी की बात हो या उनकी आत्म हत्या की बात अब तक केंद्र सरकार ने एक ढेला भी नहीं दिया। इस अवसर मंत्री आलोक शाक्य, विधायक करहल सोबरन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिय रंजन आशू, एमएलसी असीम यादव आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान बलबीर यादव ने किया। संचालन श्याम बरन ने किया। सम्मेलन के संयोजक जिला पंचायत सदस्य सतीश यादव रहे। कार्यक्रम में विधायक ब्रजेश कठेरिया, चेयरमैन साधना गुप्ता, राज्य महिला आयोग सदस्य रीता गुप्ता व सुमन दिवाकर, सपा महिला मोर्चा की वंदना, अनिल यादव, तोताराम यादव पैक्सफेड के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व एमएलसी सुभाष यादव सहित जिले के पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
--
मंच पर शिवपाल को दी गई कुर्सी
कार्यक्रम में सभी नेता मंच पर जमीन पर बैठे। लेकिन घुटने में दर्द के चलते लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव को दिक्कत हो रही थी। तो बीच में उनको बैठने के लिए कुर्सी दी गई। पंच सम्मेलन में शहर विधायक राजकुमार उर्फ राजू यादव के न आने की चर्चा रही।