अभिलेखों में कमियां पाए जाने पर किए सीज
- फोटो : अमर उजाला
वाणिज्य कर विभाग की टीम ने सदर बाजार में मोबाइल की दो दुकानों पर छापा मारा। दोनों दुकानों पर स्टाक का मिलान कर अभिलेख सीज किए। दुकान मालिकों को अभिलेखों सहित अपना पक्ष रखने के लिए 28 जनवरी को कार्यालय में उपस्थित होने का नोटिस दिया है। इस दौरान अन्य दुकानदार दुकानों के शटर गिराकर भाग गए।
नगर में सदर बाजार स्थित पराग मोबाइल और अशोका मोबाइल पर बुधवार को वाणिज्य कर विभाग की टीम ने छापा मारा। ज्वाइंट कमिश्नर यूएन सिंह, डिप्टी कमिश्नर एसआईबी एचएन सचान, असिस्टेंट कमिश्नर मोबाइल विजय सिंह बिसेन, वाणिज्य कर अधिकारी सचल दल भंवर सिंह यादव की दो टीमों ने मोबाइल की दोनों दुकानों पर पहुंचकर छानबीन करके स्टाक रजिस्टर से स्टाक का मिलान किया। दुकानों पर मौजूद खरीद और बिक्री संबंधी अभिलेखों का मिलान किया। खरीद, बिक्री, उपलब्धता का रजिस्टरों से मिलान किया। अभिलेखों से मिलान नहीं होने तथा कमियां पाए जाने पर अभिलेख सीज किए गए हैं। दुकान मालिकों को अपना पक्ष रखने के लिए 28 जनवरी को कार्यालय में उपस्थित होने के लिए नोटिस दिया है।