स्टेशन रोड स्थित एक मैरिज होम में शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह हुआ। इसमें 123 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष संध्या यादव ने की। शुभारंभ मुख्य अतिथि अनुजेश यादव ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में हुआ।
इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अनुजेश यादव ने कहा कि शिक्षक अपने जीवन के अमूल्य समय को विद्यार्थियों एवं राष्ट्र निर्माण में लगाता है। उनके सेवानिवृत्त होने पर सभी का दायित्व बनता है कि वह उन्हें दिल से सम्मानित करें। जिला पंचायत अध्यक्ष संध्या यादव ने कहा कि सेवानिवृत्त के बाद शिक्षक की समाज के प्रति जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं। जिला कोषाधिकारी ब्रजेश शाक्य ने कहा कि शिक्षा समाज का दर्पण होता है। यह बच्चे को जिस रूप में चाहे ढाल सकता है।
जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने कहा कि शिक्षा के व्यवसायीकरण से शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। इस पर विराम लगना बहुत जरूरी है। जिलामंत्री महेंद्र प्रताप सिंह ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में 123 सेवानिवृत्त शिक्षकों को गीता भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि एसडीएम सदर गजेंद्र सिंह, भोगांव ब्रजेश प्रताप, बीएसए हरिकेश यादव, लेखाधिकारी शीलेंद्र कुमार, कमलेश यादव, सत्यवीर, सतीश मधुप, मुकेश, इमरान जावेद, सतीश समर्थ, प्रतिमा यादव, फरीदा नाहिद, विनीत चौहान, शुभम शक्ति भदौरिया, राजकमल आदि मौजूद थे।