रविवार की सुबह कस्बा के युवक का कांशीराम कालोनी से अपहरण हो गया। अपहरणकर्ताओं ने युवक के नंबर से घरवालों को फोन कर पांच लाख रुपये देने की मांग की है। रुपये नहीं देने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी है।
मोहल्ला कटरा निवासी सुशील कुमार चक (28) पुत्र रामविलास का कांशीराम कालोनी में भी आवास है। रविवार की सुबह आठ बजे वह आवास की सफाई करने के लिए गया था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर घरवालों ने फोन मिलाया तो फोन स्विच आफ मिला। बहुत प्रयास के बाद फोन मिलने पर किसी अंजान व्यक्ति ने फोन उठाया और बताया कि सुशील उसके पास है। पांच लाख रुपये फिरौती देने पर ही उसको छोड़ा जाएगा। परेशान घरवालों ने तत्काल पुलिस चौकी पर सूचना दी। सोमवार की सुबह सुशील के भाई मोहित ने थाना किशनी में अपहरण की तहरीर दी है। वहीं दोपहर को अज्ञात व्यक्ति ने सुशील के चचेरे भाई अनुज के मोबाइल पर फोन करके औंछा में आकर रुपये देकर सुशील को ले जाने की बात कही है। सुशील के चाचा रघुवीर सिंह व चाची सुदेशा देवी कुसमरा नगर पंचायत की चेयरमैन रह चुकी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।