फोटो 40 शहर के एक मतदान केंद्र का निरीक्षण करते मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप व अन्य अधिकारी। स्त्
आगरा मैनपुरी। विधान परिषद के शिक्षक और आगरा खंड स्नातक चुनाव के प्रत्याशियों की किस्मत शुक्रवार को मतपेटिकाओं में बंद हो जाएगी। इसके बाद 27 अक्तूबर को आगरा के गल्ला मंडी समिति परिसर में मतगणना की जाएगी। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन बुधवार को दिनभर तैयारियों की समीक्षा में जुटा रहा। मैनपुरी जिले में कुल 25 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 14,746 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें शिक्षक निर्वाचन में 2321 और स्नातक खंड में 12425 मतदाता भाग लेंगे।
मतदान प्रक्रिया की कड़ी निगरानी के लिए जिले में 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं छह जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 30-30 पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारियों को रिजर्व में लगाया गया है। मतदान केंद्र की 200 मीटर परिधि में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश निर्वाचन की ओर से मतदान करने वाले कर्मचारियों के लिए शुक्रवार को एक दिन का आकस्मिक अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही मतदान (23 अक्तूबर) तथा मतगणना (27 अक्तूबर) के दिन जिले में शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी।