फोटो 3 दीवानी में निरीक्षण करते सीओ सिटी। संवाद
मैनपुरी। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के 25 सदस्यों के लिए तीसरे चरण का मतदान सोमवार को मैनपुरी में शुरू हुआ। मंगलवार को दूसरे दिन भी मतदान होगा। जिले की मतदाता सूची में 1213 वकील शामिल हैं। जबकि 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव में मतदान कराने के लिए एफटीसी जज विष्णु कुमार मिश्रा को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है।दीवानी बार एसोसिएशन के सभागार में मतदान केंद्र बनाया गया है। जिला जज रूपेश रंजन के निर्देश पर चुनाव की पारदर्शिता के लिए मतदान केंद्र के अंदर प्रत्याशी और उनके अभिकर्ताओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। मतदान करने के लिए मतदाता सूची में शामिल वकीलाें से जरूरी दस्तावेज लाने को कहा गया है। मतदान के पहले दिन सोमवार को दीवानी परिसर में गहमागहमी रही।
बार काउंसिल का चुनाव लड़ रहे कई प्रत्याशी दीवानी परिसर में पहुंचे। अपने समर्थकों से मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी जुटाई। सुरक्षा के लिहाज से दीवानी परिसर में पुलिस और पीएसी के जवानों को तैनात किया है। मतदान से पहले ही सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ दीवानी पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस कर्मियों को हिदायत दी कि मतदान केंद्र के अंदर मतदाताओं के अलावा किसी अन्य को प्रवेश नहीं दिया जाए।