कुरावली। थाना क्षेत्र के गांव खिरिया पीपर निवासी पूर्व सैनिक के मकान से सोमवार रात को चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी की घटना को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली।
गांव खिरिया पीपर निवासी बड़े सिंह यादव पूर्व सैनिक हैं, उनके दो पुत्र पुलिस विभाग और बैंक में कार्यरत हैं। वह पनी पत्नी के साथ गांव स्थित मकान में रह रहे हैं। सोमवार की रात को चोरों ने मकान में प्रवेश किया और बक्सा, सूटकेस आदि चोरी कर ले गए। मंगलवार की सुबह जागने पर दंपती को चोरी की जानकारी हो सकी। पूर्व सैनिक के घर चोरी की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली, फोरेंसिक टीम ने भी जांच के लिए नमूने लिए। घर से चोरी कर ले जाया गया बक्सा और सूटकेस घर से कुछ दूर एक खेत में खाली पड़े मिले। पीड़ित पक्ष की माने तो चोर करीब 30 लाख से अधिक के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए हैं। प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी का कहना है कि मकान वृद्ध दंपती अकेले रह रहे हैं। चोरों ने कोई ताला भी नहीं तोड़ा, तहरीर पर जांच की जा रही है, सत्यता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।