सराफा व्यवसायी की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने फर्जी खुलासा किया है। यह आरोप मृतक व्यापारी के परिवारीजनों ने पुलिस पर लगाया है। रविवार को मृतक की पत्नी और पिता ने मीडिया के सामने न्याय न मिलने की स्थिति में भूख हड़ताल करने की बात कही है। बता दें कि घटना को हुए ढाई महीने हो गए हैं। कोतवाली पुलिस ने इस हत्याकांड में दो आरोपियों को जेल भेजा है।
रविवार को मोहल्ला लोहाई स्थित मृतक सराफ अरुण वर्मा के पिता रमेश चंद्र और पत्नी श्वेता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खडे़ किए। श्वेता वर्मा ने कहा कि यदि उनके पति अरुण की हत्या वास्तव में जेल भेजे गए राजकिशोर और जीतू ने ही कि थी तो पुलिस ने अभी तक उनसे वारदात के समय 20 लाख रुपये की लूटी गई रकम व पांच सेट चाबी अभी तक बरामद क्यों नहीं की हैं। वहीं मृतक अरुण की मां माधुरी देवी ने आरोप लगाया कि उक्त मामले की जांच कर रही एसटीएफ की टीम भी उनके बेटे के असली हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा पा रही। न ही लूटा गया माल ही बरामद कर रही है। उल्लेखनीय है कि छह जनवरी की शाम अरुण वर्मा सराफा बाजार स्थित दुकान को बंद कर घर लौट रहे थे, तभी करहल रोड के समीप बाइक सवारों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी है और आभूषण, नकदी व अन्य सामान से भरा थैला लूटकर ले गए थे। तब सांसद तेजप्रताप ने पत्नी और बच्चों को पांच-पांच लाख रुपये देने का आश्वासन दिया था। ढाई महीना बीतने के बाद अभी तक न तो हत्याकांड का सही खुलासा हुआ है और न ही सहायता राशि ही मिली है। मृतक सराफ व्यापारी की पत्नी, मां, पिता ने न्याय न मिलने पर भूख हड़ताल पर जाने की बात कही है।
करोड़ों की विवादित जमीन तो नहीं हत्या की वजह
मैनपुरी। पुलिस अभी तक अरुण वर्मा की हत्या के पीछे कारण भी नहीं बता सकी है। अरुण के पिता रमेशचंद्र ने बताया कि धारऊ के समीप उनकी 10.50 बीघा जमीन है। इसकी कीमत करीब तीन करोड़ से अधिक है। इसके अलावा श्रृंगार नगर में भी उनकी पारिवारिक जमीन है। इसकी कीमत एक करोड़ से अधिक है। उक्त दोनों ही जमीन विवादित है। उक्त जमीनों की रजिस्ट्री कई और लोगों पर भी है। संभवत: अरुण की हत्या उक्त जमीन को लेकर ही की गई हो।
मासूम ने सीएम अंकल को लिखी चिट्ठी
चिट्ठी में पूछा आखिर क्यों हर वक्त रोती है उसकी मां
मैनपुरी। अरुण वर्मा की शादी को अभी ज्यादा समय नहीं बीता। उसकी पत्नी के अलावा घर में उसके दो बेटे श्रेयांश (8) और दर्शिल (6) है। मासूम श्रेयांश ने सूबे के मुखिया अखिलेश यादव को चिट्ठी लिखी है। इसमें कहा है कि सीएम अंकल पापा के हत्यारों को जल्द पकड़ो और कड़ी सजा दो। वो जानना चाहता हैं कि उसके पिता की किसी से क्या दुश्मनी थी जो हत्यारों ने उन्हें मार दिया। श्रेयांश ने सीएम को लिखी चिट्ठी में कोतवाली पुलिस की लापरवाही का भी जिक्र किया है।