फोटो31 चोरी की घटना के बाद खुली पड़ी अलमारी व बिखरा सामान। संवाद
बिछवां। कस्बा निवासी चिकित्सक के घर में चोरों ने दिनदहाड़े ताले तोड़ कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी की वारदात अंजाम दी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए हैं।
बिछवां के रहने वाले नानक चंद्र शाक्य ने बताया कि सात मार्च को वह मकान में ताला लगाकर कस्बा स्थित अपने क्लीनिक पर गए थे। शाम को जब वह घर वापस लौटे तो देखा कि मकान के पीछे लगे दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी खुली थी, सामान इधर उधर बिखरा पड़ा था। दो लाख रुपये की नकदी जो उन्होंने मकान का लिंटर डलवाने के लिए रखी थी और कान के झाले, दो अंगूठी, चेन सहित करीब छह लाख रुपये चोरी हो गए थे। थानाध्यक्ष आशीष दुबे ने मौके पर पहुंच कर जांच की, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। पुलिस ने चोरी की घटना के खुलासे को लेकर प्रयास शुरू कर दिए हैं।
संदिग्ध प्रतीत हो रही चोरी की घटना
चोरों ने घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी की वारदात अंजाम दी। मगर, एक हार अलमारी के पास ही पड़ा मिला। बंदूक और कारतूस भी अपनी जगह पर रखे हुए मिले। थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।