मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव भांवत स्थित एक विद्यालय में तैनात शिक्षिका पर छह वर्षीय छात्रा को पीटने का आरोप लगाया गया है। मंगलवार को पिता ने कलेक्ट्रेट डीएम कार्यालय पहुंच कर शिकायत दी है।
गांव भांवत निवासी सत्यप्रकाश सैनी ने डीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि छह साल की पुत्री अनन्या प्राथमिक विद्यालय भांवत में कक्षा एक की छात्रा है, मंगलवार सुबह रोजाना की तरह स्कूल पढ़ने गई थी। आरोप है कि शिक्षिका ने दो का पहाड़ा सुनाने के लिए कहा तो बच्ची नहीं सुना पाई। इसी बात से गुस्साई शिक्षिका ने पुत्री की पिटाई कर दी।
बड़ी बेटी भी इसी विद्यालय में पढ़ती है उसने घर आकर घटना की जानकारी दी। पिता का कहना है कि घटना के बाद बेटी बेहद डरी हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। डीएम से शिक्षिका के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जानकारी पर खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए कहा गया है। स्कूल बंद हो जाने के कारण बुधवार को जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। -दीपिका गुप्ता, बीएसए