शहर की ज्यादातर आबादी पीने के पानी के लिए तरस रही है। कई क्षेत्रों में ऊंचाई के चलते पालिका की जलापूर्ति नहीं पहुंच रही है। इसके चलते ज्यादातर लोग हैंडपंपों पर आश्रित हैं। वहीं शहर में करीब 11 सौ हैंडपंप लगवाए गए हैं। इनमें से 10 हैंडपंप रीबोर होने को हैं। वहीं 23 नलकूपों में से एक खराब चल रहा है।
शहर में पानी की सप्लाई के लिए पालिका द्वारा 23 नलकूप लगे हैं लेकिन बिजली के कटौती के चलते नलकूप चल नहीं पा रहे हैं। इस कारण ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में पालिका के नलों में पानी नहीं पहुंच रहा है। इसका खामियाजा स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। नगर के मोहल्ला किला के पीछे, सौतियाना, पुरोहिताना मोहल्ला छपट्टी में कम मात्रा में पानी पहुंच रहा है। इसके चलते स्थानीय निवासी परेशान नजर आए। छपट्टी निवासी सुरोज कुमार ने बताया कि एक सप्ताह से नलों में बस एक या दो बाल्टी पानी आ रहा है। वहीं जिनके घर मोटर लगा है वह तो भर लेते हैं। जिनके यहां मोटर नहीं है वह क्या करें। इसके चलते गली में लगे हैंडपंप से पानी भर कर लाना पड़ रहा है।
इन क्षेत्रों में है पानी का संकट
नगर के मोहल्ला अग्रवाल, सौतियाना, किला के पीछे, देवी रोड, गोलाबाजार, चौथियाना, भरतवाल, छपट्टी में पानी का संकट है। इन मोहल्लों में पानी के संकट को देखते हुए पालिका ने जेनरेटर की व्यवस्था कर रखी है। यदि बिजली नहीं होगी तो जेनरेटर से पानी दिया जाएगा।
गर्मी में पानी की कमी न हो इसके लिए पालिका ने व्यवस्था कर रखी है। वहीं बिजली कम आने के चलते नलकूप नहीं भर पा रहे हैं। इसके चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी कम पहुंच रहा है। सुबह-शाम दो-दो घंटे पानी की सप्लाई की जा रही है। साथ ही जिन क्षेत्रों में पानी का संकट है। वहां के लिए छह टैंकर पानी की व्यवस्था कर रखी है। जहां से डिमांड आती है वहां तुरंत पानी का टैंकर भेज दिया जाता है।
- रामपाल यादव, ईओ