जिले में फर्दपुर प्रकरण गर्माता जा रहा है। शुक्रवार को पीड़ित युवती और भाजपा नेताओं ने प्रदेश के राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन आरओ को सौंपा। इसमें घटना की जांच सीबीआई से कराने और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। भाजपा नेताओं का कहना है कि राजनैतिक द्वेेष के चलते उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बता दें कि 30 अप्रैल की रात को अवैध शराब बनाने की सूचना पर पुलिस ने गांव फर्दपुर में भाजपा नेता मैदान सिंह के यहां दबिश दी थी। वहां पर पुलिस टीम पर हमला हुआ था। इसके बाद पुलिस फोर्स ने गांव में भाजपा नेता के घर तोड़फोड़ की। साथ ही महिलाओं और अन्य लोगों को अमानवीय तरीके से पीटा था। इस मामले में उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज, जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता और पूर्व एमएलसी रामनरेश अग्निहोत्री के साथ पार्टी नेता तीन मई को गांव पहुंचे थे। वहां सांसद ने एक नुक्कड़ सभा को भी संबोधित किया था। इस मामले में पांच मई को पुलिस ने भाजपा सांसद और पूर्व एमएलसी के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इससे भड़के भाजपा नेताओं और मैदान सिंह की पुत्री ने आरओ को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पुलिस के अमानवीय व्यवहार और मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, शिवदत्त भदौरिया, प्रदीप चौहान, अनुराग पांडेय, ओमकार नाथ पचौरी, संजय चौहान, प्रभात चतुर्वेदी, वैभव चतुर्वेदी, सौरभ चुतर्वेदी, सचिन मौजूद थे।