थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव लखनीपुर में दलित दंपति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। शुुक्रवार को आरोपी के घर के बाहर सुरक्षा के लिए एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। लेकिन सपा मुखिया के घर से महज छह किलोमीटर की दूरी पर किसी नेता का न पहुंचना भी लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। मृतक के तीन बच्चों को संभालने के लिए रिश्तेदार घर पहुंच चुके हैं।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के पैतृक घर सैफई से महज छह किलो मीटर की दूरी पर स्थित गांव लखनीपुर में दलित दंपति की हत्या के बाद अभी तक मृतक के परिवारीजनों को सांत्वना देने के लिए कोई राजनेता नहीं पहुंचा है। हालांकि मुख्यमंत्री की ओर से पांच लाख रुपये मृतक के परिवारीजनों को दिए जाने की घोषणा की जा चुकी है। गुरुवार को दिल दहला देने वाले हत्याकांड के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। चहलकदमी के नाम पर कुछे ग्रामीण मृतक के घर पहुंच रहे हैं। तो वहीं आरोपी अशोक के घर के बाहर भी एक कंपनी पीएसी तैनात की गई है। वहीं मृतक का बड़ा भाई रामसेवक और छोटा भाई रामऔतर घर में मौजूद तीन नाबालिग बच्चों की देखरेख कर रहे हैं। शुक्रवार को एसडीएम करहल ने मृतक के परिवारीजनों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए करहल बुलाया। मृतक की दो बेटियों किरन और मिलन की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों की मानें तो हाईवे पर स्थित दुकान बिकने के बाद आरोपी को करीब डेढ़ करोड़ रुपया मिला था। इसके बाद उसे घमंड आ गया था। जबकि मृतक के पास जमीन भी नहीं है। एक सामाजिक संस्था ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।
पुलिस कर रही एनएसए लगाने की तैयारी
मैनपुरी। कुर्रा में दलित दंपति की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी पति पत्नी को जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस अब उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करने की तैयारी भी कर रही है।