मैनपुरी। साथी की पिटाई से नाराज टेपों चालकों ने शनिवार शाम भांवत चौराहा पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने टेंपो चालकों को समझा बुझाकर जाम को खुलवाया।
शनिवार शाम को भांवत चौराहे पर टेंपो चालकों का बाइक सवार तीन युवकों से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद बाइक सवार युवकों ने दो टेंपो चालकों के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद युवक भाग गए। साथी चालकों की पिटाई की सूचना जैसे ही अन्य टेंपो चालकों को हुई। सभी ने घटना को विरोध करते हुए भांवत चौराहा पर जाम लगा दिया। मारपीट में घायल टेंपो चालक प्रदीप ने बताया कि उक्त युवकों की बाइक टेंपो से टकरा गई थी। इसके बाद युवकों ने बिना वजह उनके साथ मारपीट कर शुरू कर दी। गुस्साए टेंपो चालकों ने 45 मिनट से अधिक तक भांवत चौराहा पर जाम लगाए रखा। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस और कोतवाली पुलिस के समझाने पर चालकों ने जाम को खोला। शहर कोतवाल ने टेंपो चालकों को आश्वासन दिया की जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।