मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार लुटेरों ने तमंचा दिखाकर एक महिला से आभूषण लूट लिए। महिला के कान से कुंडल खींचने के दौरान उसके कान भी फट गए। महिला पिता के साथ अपने चाचा के यहां भाईदूज करने जा रही थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पातराहार निवासी सियाराम पाल की पुत्री अर्चना भाईदूज के चलते उनके घर आई हुई थी। शुक्रवार की शाम सियाराम अर्चना को बाइक से लेकर अपने भाई शिवपाल सिंह के यहां पावर हाउस रोड पर जा रहे थे। जब पिता-पुत्री पावर हाउस गेट पर पहुंचे तभी बाइक सवार तीन लुटेरे वहां पहुंच गए। लुटेरों ने पहले सियाराम की बाइक में टक्कर मार दी। फिर तमंचा दिखाते हुए दो लुटेरों ने अर्चना से जंजीर, अंगूठी और कानों के कुंडल खींच लिए। कुंडल खींचने से अर्चना के कान फट गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू की लेकिन कोई भी पुलिस के हत्थे नहीं लग सका। घायल अर्चना का पुलिस ने मेडिकल कराया है।