शुक्रवार रात और शनिवार की सुबह तक आठ घंटे के अंतराल में थाना दन्नाहार क्षेत्र में दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक शव भोगांव निवासी युवक का निकला, वहीं दूसरा शव थाना दन्नाहार के गांव नगला गुलाल के एक अधेड़ का था। दोनों की हत्या बेरहमी से की गई है। पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे तब तक गुस्साए लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की। अधिकारियों के समझाने पर लोगों ने जाम खोल दिया। तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
दन्नाहार के नगला गुलाल निवासी हरविलास जाटव (50) एक संपन्न परिवार से है। उसने गांव फैजपुर के समीप कई बीघा खेत उगाही पर ले रखे थे। शुक्रवार को वह घर से खेत में बाजरा में पानी लगाने की कहकर निकला था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने तलाश शुरू कर दी। शनिवार तड़के ग्रामीणों ने जौहरी नगर स्थित नहर के समीप गड्ढे में एक शव उल्टा पड़ा हुआ देखा। सूचना पर पुलिस पहुंची। परिवारीजनों ने हरविलास की हत्या कर शव को गड्ढे में दफनाने का आरोप लगाया है।
घटना से गुस्साए लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस के समझाने पर मान गए। मृतक के भाई बलवीर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया। देर दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया गया।
उधर, थाना भोगांव क्षेत्र के गांव अहिरवा निवासी शिवगोपाल का पुत्र पवन तिवारी (19) कोतवाली क्षेत्र के हरिदर्शन में एक कोचिंग सेंटर में पढ़ता था। गुरुवार को शाम करीब चार बजे वह ट्यूशन जाने की कहकर निकला। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश की कोई सुराग न लगने के बाद चाचा ने शुक्रवार को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। देर शाम थाना दन्नाहार क्षेत्र में नहर के समीप उसका शव एक गड्ढे में मिला। मृतक के चेहरे पर चाकू से काटने के निशान थे। उसका गला अंगौछा से घोंटा गया था। परिवारीजनों ने पवन के दोस्त पर हत्या करने का आरोप लगाया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनो के सुपुर्द कर दिया गया।