कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी दो बहनों को युवक अश्लील मेसेज कर उठा ले जाने की धमकी दे रहे हैं। पूर्व में खौफ के चलते छात्रा ने स्कूल तक छोड़ दिया। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
एक मोहल्ला निवासी छात्रा वर्ष 2014 में भोगांव रोड स्थित एक विद्यालय में नौंवी की छात्रा थी। वहां हास्टल में रहने वाला एक छात्र और उसका साथी उसे परेशान करता था। जिसके चलते छात्रा ने नौंवी पास कर दूसरे विद्यालय में प्रवेश ले लिया। मगर मनचले युवकों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। किसी तरह से छात्रा व उसकी बड़ी बहन का मोबाइल नंबर प्राप्त कर दिया। कई दिनों से कोचिंग से उठा ले जाने की धमकी तो कहीं व्हाट्सएप पर अश्लील मेसेज भेजकर परेशान कर रहे हैं। दहशत के चलते छात्राएं भी खौफ में हैं। पीड़िता ने एसपी सुनील कुमार सक्सेना को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले पर थानाध्यक्ष का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। जांच की जा रही है कि जिन नंबरों से मेसेज व धमकी आ रही है। वह उन्हीं युवकों के हैं। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।