थाना करहल क्षेत्र में हेलमेट न पहनने की कीमत दो युवकों को जान गंवाकर चुकानी पड़ी। बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सैफई रेफर कर दिया है।
थाना करहल क्षेत्र के गांव गोटपुर निवासी मनोज कुमार चचेरे भाई मानपाल और साथी नवाब सिंह निवासी खेड़ा धौलपुर जिला इटावा के साथ मंगलवार सुबह गांव मीठेपुर के समीप स्थित ढाबे पर पहुंचे। यहां कुछ देर रुकने के बाद मनोज ने भाई मानपाल को गांव के बाहर छोड़ दिया। बताते हैं कि इसके बाद मनोज ने नवाब के साथ होटल पर शराब पी। बाद में नवाब को गांव मीठेपुर के समीप एनएच-2 से छोड़ने इटावा जा रहा था। इसी दौरान करीब 10:30 बजे गांव के समीप ही सामने से तेजगति में आती दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार सरजू (22) निवासी गांव बछेली फीरोजाबाद और मनोज (35) की मौत हो गई। नवाब (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि मृतक सरजू बहन को ससुराल इटावा छोड़कर वापस घर जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सैफई भेज दिया। मृतकों का पोस्टमार्टम देर रात इटावा में हुआ।
पुलिस ने दिखाई संवेदनहीनता
नौरमई। हादसे के दौरान सरजू और मनोज की मौके पर ही मौत हो गई, लेकिन थाना करहल पुलिस ने घायल के साथ ही मृतकों को भी जिंदा बताकर सैफई रवाना कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना पुलिस ने इस मामले में संवेदनहीनता का परिचय दिया है। लिखापढ़ी न करनी पड़े इसलिए पुलिस ने मृतकों को जान बूझकर दूसरे जिले भेज दिया।