उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शनिवार की रात कमरे में सो रहे नौ वर्षीय बालक को सांप ने डस लिया। रोने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए। आनन-फानन बालक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई।
विज्ञापन
मामला एलाऊ थाना क्षेत्र के नवादा गांव का है। गांव निवासी विपिन यादव का पुत्र जानू (09) शनिवार की रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने के लिए चला गया था। देर रात को कमरे में घुसे सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने के बाद जानू की आंख खुल गई। वह दर्द की वजह से रोने लगा। उसके रोने की आवाज सुनकर माता पिता जाग गए। कमरे से सांप निकलता देख सभी के होश उड़ गए।
परिजन आनन फानन जानू को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। उधर सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर आ गई। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।