मैनपुरी जनपद का सबसे बड़ा गांव रठेरा देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। इस गांव के लगभग 100 युवा वर्तमान में भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें से 15 से 20 जांबाज इस समय जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात हैं, जहां वे देश की सुरक्षा के लिए मुस्तैदी से डटे हुए हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ये वीर सैनिक दुश्मन की हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। सीमा पर तैनात इन रणबांकुरों ने अपने परिजन को संदेश भेजकर उनकी खैरियत पूछी है और उन्हें आश्वस्त किया है कि वे बिल्कुल भी चिंतित न हों। उन्होंने कहा है कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और वे किसी भी कीमत पर मातृभूमि पर आंच नहीं आने देंगे।
ये भी पढ़ें - पाकिस्तान के दो ड्रोन मार गिराए: श्रीनगर में तैनात मैनपुरी के दो सगे भाई, पाक को करारा जवाब...भेजा ये संदेश
अपने संदेशों में सैनिकों ने जज्बे और देशप्रेम का परिचय दिया
हवलदार प्रभाकर ने बताया कि देश की सुरक्षा के लिए ही सेना में भर्ती हुआ था। दुश्मन के हर प्रयास को असफल करना ही मेरा लक्ष्य होगा। विश्वास रखो, आपका बेटा देश की सुरक्षा पर आंच नहीं आने देगा।
बीएसएफ के जवान अजीत कुमार का कहना है कि सीमा पर सुरक्षा के लिए हमें जो जिम्मेदारी मिली है, उस पर हमेशा खरा उतरने का प्रयास करेंगे। देश के करोड़ों लोगों का आशीर्वाद हमारी सेना के साथ है, हमें हर हाल में सफलता मिलेगी।
ये भी पढ़ें - IND-PAK: लाहौर तक घर में घुसकर मारा... 93 हजार सैनिकों ने किया था आत्मसमर्पण, फिर भी बाज न आया पाकिस्तान
नायक सुमनेश कुमार ने बताया कि भारतीय सैनिक दुश्मन की हर हरकत पर नजर रखे हुए हैं। दुश्मन के मंसूबों को नाकाम करने के लिए हर पल तैयार हैं। आप सभी के आशीर्वाद से आपका बेटा आतंकवाद का सफाया करने में सफल होगा।
एमएमसी आतेंद्र सिंह ने कहा कि हमारी जिम्मेदारी युद्ध के घायलों को उपचार देने की है। जरूरत पड़ने पर हम भी हथियार लेकर दुश्मन के छक्के छुड़ाने का कार्य करेंगे। भारतीय सेना की जीत अवश्य होगी, आप सभी चिंता न करें।
ये भी पढ़ें - UP: 'फोन मत काटना' एयरफोर्स अधिकारी के पिता 10 दिन तक घर में रहे कैद, दहशत ऐसी...कमरे से बाहर नहीं निकले
नायक सुनील कुमार ने बताया कि हम अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए ही सेना में भर्ती हुए थे। पाक ने नापाक हिम्मत की है, उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। आपका बेटा देश की रक्षा के लिए हर संभव स्थिति से निपटने में सक्षम है, आप सभी चिंता न करें।