करहल। देव दर्शन को चारधाम यात्रा पर गए नगर निवासी सूरज नरायन दुबे और उनकी पत्नी मिथिलेश दुबे का उत्तराखंड में आई त्रासदी के 11 दिन बाद भी पता नहीं लगा सका है। माता-पिता की तलाश में उत्तराखंड गए उनके पुत्र सात दिन तलाश करने के बाद घर लौट आए हैं। पुत्र और परिवार को अपने मां-बाप के लौटने का इंतजार अभी भी है। दंपति के न लौटने से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उत्तराखंड से बुधवार को तड़के चार बजे जैन इंटर कालेज के उप प्रधानाचार्य यदुवीर नरायन दुबे लौट आए। उन्होंने बताया कि उनके पिता सूरज नरायन दुबे और माता मिथिलेश दुबे देव दर्शन के लिए पांच जून को गए थे। 15 जून को उन्होंने केदारनाथ के दर्शन किए थे। 16 जून को जब पानी का सैलाब उमड़ा और भूस्खलन हुआ तब वह रामबाड़ा के समीप थे।
घटना के तीन दिन के इंतजार के बाद वह 19 जून को उत्तराखंड रवाना हो गए। सबसे पहले उन्होंने हरिद्वार पहुंचकर लगभग 50 लोगों के शवों की पहचान की। इसके अलावा देहरादून एयरपोर्ट, सहस्त्रधारा हैलीपैड आसपास के सभी अस्पताल और कैंपों में जाकर तलाश की लेकिन कोई पता नहीं लग सका। उन्होंने बताया कि अभी उत्तराखंड में 15 हजार से अधिक लोग अपनों की तलाश में भटक रहे हैं। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार में स्वयंसेवी संस्थाएं और पुलिस लोगों की मदद कर रही है। पिता और मां के न मिलने से परिवार में लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुबे ने अपने मां-बाप के गुम होने की रिपोर्ट भी थाना ऋषिकेष में दर्ज कराई है।