मैनपुरी। शासन के निर्देश पर शनिवार को पहली बार प्रदेश के जिला कारागारों में निरुद्ध बंदियों की एचआईवी जांच की गई। जिला कारागार में चिकित्सीय टीम ने 190 बंदियों की एचआईवी जांच कर काउंसलिंग की। अब मार्च माह में द्वितीय शनिवार को पुन: शिविर लगेगा।
शनिवार को जिला कारागार में जिला अस्पताल के एलटी नरसिंह राठौर और आईसीटीसी काउंसलर अंशु ने शिविर लगाया। वहां जिला कारागार के चिकित्साधिकारी डाक्टर जीडी सिंह और स्टाफ के साथ कारागार में 1050 बंदी में से 190 की पहले दिन काउंसलिंग और एचआईवी जांच की गई।
इस दौरान जेलर सुरेश मिश्रा ने कहा कि सरकार का यह काफी बेहतर निर्णय है। जिला अस्पताल में भी नि:शुल्क जांच और उपचार की सुविधा है। हालांकि जांच में एक भी कैदी एचआईवी पॉजिटिव नहीं मिला। अब मार्च माह के दूसरे शनिवार को बंदियों की पुन: एचआईवी जांच की जाएगी।