महोबा। चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग होेने पर वीर आल्हा-ऊदल की नगरी महोबा में भी लोगों ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान जगह-जगह आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया। साथ ही शहर के आल्हा चौक में युवाओं ने तिरंगे झंडे लहराकर एक-दूसरे को बधाई दी।
बुधवार की शाम जैसे ही चंद्रयान की सफल लैंडिंग हुई तो युवाओं का उत्साह देखते ही बना। तिरंगे झंडे लेकर लोग शहर के आल्हा चौक पहुंचे। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे। युवकों ने बताया कि इसरो ने सफलतापूर्वक चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिग की है। भारत चांद के दक्षिणी हिस्से में लैंडिग करने वाला दुनिया का पहला देश बना है। चंद्रयान सफलता के शिखर पर पहुंच चुका है। इस ऐतिहासिक पल का हरकोई बेसब्री से इंतजार कर रहा था। भारत का मिशन मून सफल रहा। आज गर्व का दिन है। इसरो ने एक बार फिर देश को गौरवांवित किया है। चंद्रायन की सफल लैंडिग के लिए पूरी इसरों टीम बधाई की पात्र है। इस दौरान ईश्वर दयाल, संदीप तिवारी, विनोद कुशवाहा, रोहित अंसारी, संजय द्विवेदी, तेजस्वी पाटकर, राजेश चौरसिया आदि मौजूद रहे।