महोबा। शहर के डाकबंगला मोहल्ला में किराए के मकान में रह रहे युवक ने मंगलवार रात तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली युवक के सीने में लगी। पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। घायल युवक ने पत्नी व सास के उत्पीड़न से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही है।
थाना अजनर के लेवा गांव निवासी राहुल तिवारी (25) की शादी इसी वर्ष दो जुलाई हुई थी । शादी के कुछ दिन बाद ही पत्नी ने ससुराल में रहने से मनाकर दिया। राहुल महोबा में किराए का मकान लेकर रहने लगा। यहां सास भी बेटी के साथ रहने लगी। मंगलवार रात राहुल ने कमरे में 315 बोर के तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजनों व पड़ोसियों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पूछताछ में घायल युवक ने बताया कि पत्नी व सास लगातार उसे प्रताड़ित कर पैसे की मांग करते हैं। आरोप लगाया कि वह तीन लाख रुपये दे चुका है। एक दिन पहले उसके माता-पिता घर आए थे। पत्नी व सास ने दोनों लोगों से अभद्रता की। इससे परेशान होकर उसने खुद को गोली मार ली। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएंगी।