महोबा। कोतवाली क्षेत्र के रतौली गांव में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में रस्सी के फंदे पर लटकता मिला। मृतका के पिता ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न करने पर बेटी को मार डालने और शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
जनपद छतरपुर के बेड़ी गांव निवासी श्रीपाल ने अपनी पुत्री प्रियंका पाल (24) की शादी वर्ष 2017 में कोतवाली क्षेत्र के रतौली गांव निवासी दिनेश पाल के साथ की थी। पिता का आरोप है कि ससुरालीजन दहेज के लिए परेशान करते थे। कुछ दिन पहले कोतवाली में मामले की शिकायत की थी। यहां पर दोनों पक्षों का राजीनामा करा दिया गया था। इसके बाद भी ससुरालीजन परेशान करते रहे और प्रियंका का मोबाइल भी छीन लिया था। आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पुत्री की हत्या कर शव फांसी पर लटका दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच पड़ताल की।
उधर कोतवाल बलराम सिंह का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट से आहत युवक ने फांसी लगाकर दी जान
बेलाताल (महोबा)। कस्बा जैतपुर के नरैयापुरा में मारपीट से आहत युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नरैयापुरा निवासी राहुल गुप्ता (25) का गांव के एक युवक से लेनदेन चलता है। गुरुवार को दोनों के बीच पैसे को लेकर विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंचने के बाद युवक घर लौट आया। रात में राहुल ने कमरे में पंखे छल्ले से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह जब देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने कुंडी खटखटाई। आशंका होने पर दरवाजा तोड़ दिया। अंदर युवक का फांसी पर लटकता देखा।
मृतका की मां सुनीता व भाई राहुल ने बताया कि गांव का एक युवक राहुल के कुछ रुपये लिए था। आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर दबंग ने राहुल की मारपीट कर दी और जेब में पड़ी पांच हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। युवक ने घर आकर पूरी घटना बताई। तब मां व भाई आरोपी के घर पहुंचे और छीने गए पैसे व मोबाइल वापस मांगा तो उसने देने से इनकार कर दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है।