महोबा। प्रसपा की रथयात्रा में शामिल होकर लौट रहे ग्रामीण की ट्रैक्टर में दबकर मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के दमौरा गांव निवासी भवानीदीन (50) बुधवार को ग्रामीणों के साथ शहर में आयोजित प्रसपा की रथयात्रा में शामिल होने आया था। रथयात्रा निकलने के बाद भवानीदीन अन्य ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर से घर लौट रहा था। तभी बीजा नगर मोड़ पर चालक ने तेज रफ्तार से ट्रैक्टर मोड़ दिया। जिससे भवानीदीन असंतुलित होकर नीचे गिर गया और पहिये की चपेट में आ गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अन्य ग्रामीणों के साथ फरार हो गया। सड़क पर पड़े ग्रामीण को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र खेमचंद्र ने बताया कि उनके पिता एक राजनीतिक कार्यक्रम में मुख्यालय आए थे। घर लौटते समय ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से दुर्घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।