पुलिस से जेसीबी व दो ट्रैक्टर छुड़ा ले गए
- अवैध बालू खनन की सूचना पर एमपी पुलिस ने मारा था छापा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर (महोबा)। यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित उर्मिल नदी में अवैध बालू खनन की सूचना पर मध्यप्रदेश पुलिस ने खिरी घाट में छापा मारा। मौके से एक जेसीबी व दो ट्रैक्टर पुलिस ने कब्जे में ले लिए। इस दौरान बालू माफिया पुलिस से भिड़ गए और धक्कामुक्की के बाद पुलिस के कब्जे से जेसीबी व दोनों ट्रैक्टर छुड़ाकर ले गए। बाद में एमपी पुलिस ने जिले के थाना श्रीनगर पुलिस को सूचना दी। मौके पर फोर्स के पहुंचने से पहले ही बालू माफिया फरार हो गए।
उर्मिल बांध व नदी यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित है। यहां पर लंबे समय से बालू का अवैध खनन चल रहा है। खिरी गांव निवासी नरेंद्र प्रजापति ने मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के थाना महाराजपुर में शिकायत दर्ज कराई। बताया कि उसके खेत में गांव के दबंग बालू माफिया जेसीबी से अवैध बालू खनन कर रहे हैं और ट्रैक्टरों में भरकर बालू ले जा रहे हैं। सूचना पर महाराजपुर थाने की पुलिस उर्मिल नदी के खिरी घाट पहुंची। जहां अवैध खनन मिला। पुलिस ने जेसीबी व दो ट्रैक्टर कब्जे में ले लिए। इस दौरान बालू माफिया ने फोनकर अपने साथियों को बुला लिया और पुलिस से धक्कामुक्की शुरूकर दी। तीन जवान होने के चलते आरोपी बालू माफिया पुलिस के कब्जे से जेसीबी व दोनों ट्रैक्टर छुड़ा ले गए। तब एमपी पुलिस ने महोबा जिले के थाना श्रीनगर को सूचना दी। तब दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तब तक माफिया फरार हो गए। उधर, महाराजपुर थाने के टीआई जेवाई खान का कहना है कि अवैध खनन की शिकायत पर पुलिस जांच करने गई थी। पुलिस से धक्कामुक्की व ट्रैक्टर छुड़ा ले जाने की बात से इंकार किया है।