महोबा। जिले में शनिवार को कोरोना से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 155 लोग कोरोना संक्रमित मिले है जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। गंभीर मरीजों को एल-1 व एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि अन्य को होम क्वारंटीन किया गया है। हालांकि कोरोना से जंग जीतने वालों की संख्या भी बढ़ी है। शनिवार को 99 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कांत सिन्हा ने बताया कि शनिवार को 1,567 लोगों की एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच कराई गई। इसमें 155 पॉजिटिव निकले। अब कुल सक्रिय मामलों की संख्या 989 पहुंच गई। जबकि तीन लोग कोरोना से जंग हार गए। एल-1 अस्पताल में 53 और एल-2 अस्पताल में 49 मरीजों का उपचार चल रहा है जबकि 543 लोग होम क्वारंटीन है। आज 452 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। ।
रेफर की परंपरा समाप्त करने की मांग
महोबा। सेवाभारती संस्थान के प्रांतीय सदस्य बीके तिवारी ने मुख्य सचिव लखनऊ को पत्र भेजकर जिले में भर्ती कोरोना मरीजों को मेडिकल कॉलेज बांदा रेफर करने की परंपरा समाप्त कराने की मांग की है। साथ ही जिला अस्पताल की बंद ओपीडी सेवाएं बहाल कराने की भी मांग की है। पीएचसी श्रीनगर में एंटीजन जांच की व्यवस्था कराए जाने की मांग की। । (संवाद)
---
वायरल बुखार से पांच की और मौत
महोबा। जिले में वायरल बुखार के मरीजों की मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को पांच और लोगों की तेज बुखार से मौत हो गई। कोतवाली चरखारी के सबुआ निवासी चंदा देवी (70), अंबेडकर नगर कबरई निवासी पूर्णिमा (17), जैतपुर निवासी घनश्याम (60), पिपरी छतरपुर निवासी रामबाई (60) व हमीरपुर चुंगी निवासी शकुंतला (45) को तेज बुखार होने पर परिजन जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। (संवाद)