महोबा। सदर तहसील के लुहेड़ी गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को बस्ती में जलभराव की समस्या को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में एडीएम न्यायिक सुखबीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर कब्जा करने वाले दबंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए समस्या के समाधान की मांग की।
लुहेड़ी निवासी ग्रामीण पूरन, रामसेवक, दयाराम, लखियां, मंजूलाल, रज्जू, चरन, ओमप्रकाश आदि ने एडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि उनकी बस्ती के घरों का पानी एक पुलिया से होकर निकलता है। कुछ समय पहले गांव के दबंग ने यहां पर बाउंड्रीवाल बना ली है। इससे पानी का निकास बंद हो गया। मामले की शिकायत के बाद प्रशासन ने पास में पड़े खाली प्लाट से पानी का निकास बना दिया और नाला बनवाने का आश्वासन दिया था लेकिन अब दबंग ने फिर से पानी का निकास बंद कर दिया है। इससे दोबारा जलभराव की समस्या हो गई है। बारिश का पानी घरों में घुस रहा और गंदगी के चलते बीमारियां फैलने की आशंका बन रही है। ग्रामीणों ने दबंग पर कार्रवाई करने और मौके की माप कराते हुए नाला निर्माण कराने की मांग की है।