चरखारी (महोबा)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टोलासोयम में रंजिश के चलते ग्रामीण ने एक युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या कर दी। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसपी ने लोगों को शांत कराया। मृतक के भाई की तहरीर पर एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ कोतवाली चरखारी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
ग्राम टोलासोयम निवासी योगेंद्र सिंह का गांव के ही देवेंद्र यादव से एक साल पहले विवाद हो गया था। योगेंद्र सिंह ने उसकी मोटरसाईकिल की तोड़फोड़ कर दी थी, तभी से दोनों पक्षों में विवाद चला आ रहा है। बुधवार की रात को देवेंद्र यादव पुत्र बालमुकुंद यादव अपने खेत से ट्रैक्टर में धनिया लादकर आ रहा था, जैसे ही वह योगेंद्र सिंह (28) पुत्र कल्लू के दरवाजे पर निकला तभी योगेंद्र सिंह ने अपने साथियों के साथ उसे रोक लिया और उसके साथ छीना-झपटी कर नीचे की तरफ खींचने लगे। तभी देवेंद्र यादव ने योगेंद्र सिंह पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद देवेंद्र यादव ट्रैक्टर लेकर घर पहुंचा, जहां पर ट्रैक्टर खड़ा करके भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर जमकर हंगामा काटा और गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर एसपी मणिलाल पाटीदार, कोतवाली प्रभारी चरखारी अनूप कुमार दुबे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया। एसपी ने कोतवाली प्रभारी को जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। उधर, मृतक के भाई पूरन सिंह ने घटना की रिपोर्ट देवेंद्र यादव, माखन यादव पुत्रगण बालमुकुंद, ममता यादव पत्नी देवेंद्र, नरेंद्र पुत्र प्रताप के खिलाफ कोतवाली चरखारी में दर्ज करा दी है। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी में जुट गई है।