महोबा/चरखारी। दो अलग-अलग स्थानों पर एक किसान समेत दो लोगों पर जानलेवा हमलाकर लहूलुहान कर दिया। खून से लथपथ दोनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
ग्राम बिलवई निवासी हरप्रसाद पुत्र तुलाराम राजपूत बुधवार की रात गांव से वापस घर लौट रहा था, तभी प्राथमिक विद्यालय के पास पहले से घात लगाए खड़े चार लोगों ने उसे रोक लिया और पुरानी रंजिश को लेकर हमला कर दिया। लाठी डंडे से हमला किए जाने पर हरप्रसाद खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। तब आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर है। घायल के भाई कामता प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने राजकुमार, राजेंद्र, जीतेंद्र व मोहित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
चरखारी प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सालट में किसान बिहारीलाल पुत्र जगतराम अपने कृषि फार्म हाउस में सो रहा था। तभी रात में करीब डेढ़ बजे गांव का ही तेज सिंह पुत्र शंकरलाल कुएं में लगी मोटर खोलने लगा। आहत मिलने पर बिहारीलाल ने उसे नाम लेकर ललकारा। पहचाने जाने पर ग्रामीण ने किसान को पत्थरों से कुचलकर खून से लहूलुहान कर दिया और मृत समझकर भाग गया। थोड़ी देर बाद होश में आने पर किसान बिहारीलाल के चीखने-चिल्लाने पर आसपास खेतों में सो रहे किसान पहुंच गए और उसे अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित घायल ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली चरखारी में तेज सिंह के खिलाफ दर्ज करा दी है।