कबरई (महोबा)। थाना क्षेत्र के सुरहा गांव निवासी लालदीवान यादव का पुत्र मान बहादुर उर्फ रज्जू (27) अपने घर पर परचून की दुकान चलाता था। दो माह पहले मान बहादुर की शादी हुई थी। शुक्रवार की दोपहर युवक ने कमरे की अंदर से कुंडी बंदकर पंखे के छल्ले से फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई।
काफी देर तक युवक के बाहर न निकलने पर परिजनों को आशंका हुई। तब पुलिस को सूचना दी गई। कुंडी तोड़कर युवक के शव को बाहर निकाला गया। मृतक के भाई छुट्टन ने बताया कि 21 जुलाई को भाई की मध्यप्रदेश के सलैया गांव में सखी के साथ शादी हुई थी। 15 दिन पहले मान बहादुर ससुराल गया था। दो दिन पहले ही वह पत्नी को लेकर घर लौटा था। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। जांच कराई जा रही है।