महोबा। शहर के परमानंद चौराहा से झलकारी बाई तिराहा तक 7.82 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण एक साल में पूरा होगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से इसको लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है। यह फोरलेन सड़क 2.350 किलोमीटर लंबी होगी।
परमानंद चौराहा से झलकारी बाई तिराहा की ओर जाने वाली सड़क को शहर के बाइपास मार्ग से नाम से जाना जाता है। यह सड़क अभी टू-लेन है। इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती हैं। सड़क को बेहतर तरीके से बनाने की मांग लंबे समय से चल रही थी। लोक निर्माण विभाग की ओर से शहर में फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए राज्य सड़क निधि के तहत प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। बीते सितंबर माह में राज्य सड़क निधि के अंतर्गत प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिली थी। अब लोक निर्माण विभाग की ओर से इसका टेंडर जारी किया गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विकास कुमार जौहरी ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 माह के अंदर परमानंद चौक से झलकारी बाई तिराहा तक फोरलेन सड़क का काम पूरा करने की डेटलाइन तय की गई है। फोरलेन सड़क का निर्माण राज्य सड़क निधि के तहत कराया जाएगा।
-
फोरलेन के निर्माण से बेहतर होगी शहर में आवाजाही
महोबा। परमानंद चौराहा से झलकारी बाई तिराहा मार्ग शहर का प्रमुख मार्ग है। यह सड़क ऐतिहासिक कीरत सागर व रेलवे स्टेशन को जोड़ती है। इस सड़क के फोरलेन बनने के बाद कीरत सागर, स्टेशन आदि स्थानों पर आने-जाने में सुगमता बढ़ेगी। साथ ही राठ रोड, पॉलिटेक्निक, चरखारी रोड, फतेहपुर बजरिया, नवीन जेल, केंद्रीय विद्यालय, सिंचाई विभाग कार्यालय, उद्योग विभाग कार्यालय, पान अनुसंधान केंद्र आदि स्थानों पर जाने के लिए भी परमानंद चौराहा से लोग सीधे आवाजाही कर सकेंगे। इसके अलावा बाइपास मार्ग पर स्थित नवीन गल्ला मंडी में अनाज लेकर आने वाले वाहनों को भी यातायात की बेहतर सुविधा मिलेगी।