महोबा। त्योहारी सीजन के दौरान सोने-चांदी की खरीदारी जोर-शोर से हुई लेकिन अचानक गिरावट ने खरीदारों को हैरान कर दिया। सोना 14 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तो चांदी 44 हजार रुपये प्रति किलो सस्ती हुई है। ऐसे में अब नए ग्राहक इनकी खरीदारी कर रहे हैं। वहीं महंगे रेटों में खरीदारी कर चुके लोग निराश हैं।
दिवाली से पहले 14 अक्तूबर को सोने का दाम एक लाख 35 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तो चांदी का दाम एक लाख 92 हजार रुपये प्रति किलोग्राम था। रेट अधिक होने के बाद भी लोगों ने त्योहार पर इनकी जमकर खरीदारी की।
नवरात्र से दीपावली तक सराफा बाजार में करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। वहीं, अब 28 अक्तूबर को सोने-चांदी में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। सोना जहां एक लाख 21 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तो चांदी एक लाख 48 हजार रुपये प्रति किलोग्राम रिकार्ड की गई। यही वजह है कि शहर की सराफा दुकानोंं में भीड़ नजर आ रही है। शादी व रिंग सेरेमनी को लेकर लोग आभूषणों की खरीदारी कर रहे हैं।